समारालाकोटा (आंध्र प्रदेश)। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के सामरलकोट मंडल के वेटलापालेम गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक पटाखा निर्माण फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 18 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विस्फोट उस समय हुआ जब फैक्ट्री के अंदर कुछ महिलाएं विस्फोटक सामग्री तैयार कर रही थीं। अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरा ढांचा ढह गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, मलबे के नीचे अब भी कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। बचाव दल और दमकल कर्मी मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
शव दूर-दूर तक गिरे, गांवों में दहशत
घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि कुछ शव उड़कर पास के खेतों में जा गिरे। विस्फोट के कई घंटे बाद तक फैक्ट्री से रुक-रुक कर धमाकों की आवाजें आती रहीं, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। हादसे से निकले घने धुएं ने आसपास के कम से कम पांच गांवों को अपनी चपेट में ले लिया।
सीएम के निर्देश, गृह मंत्री रवाना
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गृह मंत्री वांगलापुडी अनीता घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू फिलहाल विजयनगरम जिले के दौरे पर हैं।
जांच के आदेश
प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। यह भी जांच की जा रही है कि फैक्ट्री के पास वैध लाइसेंस था या नहीं और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।








