हरियाणा के झज्जर जिले में हत्या की एक खौफनाक वारदात सामने आई है. इस वारदात को ‘वैलेंटाइन डे’ के अगले दिन अंजाम दिया गया था, वो भी एक CA (चार्टर्ड अकाउंटेंट) के द्वारा. CA का नाम अंशुल धवन है. अंशुल की शादी 4 महीने पहले महक कथूरिया से हुई थी. महक HDFC बैंक में काम करती थी. दो महीने की गर्भवती थी. अंशुल ने महक की गला रेतकर हत्या की थी. फिर खुद पुलिस को फोन किया था कि उसके साथ लूटपाट हुई है. बदमाशों ने उसकी पत्नी की हत्या कर दी है, लेकिन अंशुल का झूठ बहुत देर तक छिप नहीं पाया और पूरा सच सामने आ गया. आइए जानते हैं महक कथूरिया हत्याकांड की पूरी कहानी. आखिर CA पति ने ही क्यों जान ले ली?
दरअसल, हिसार निवासी CA अंशुल धवन और हिसार के ही हांसी की रहने वाली महक कथूरिया की शादी 25 सितंबर 2025 को हुई थी. महक गुरुग्राम में HDFC बैंक में काम करती थीं. वहीं अंशुल धवन भी गुरुग्राम में काम करते थे. दोनों बहादुरगढ़ से बादली थाना क्षेत्र में रहते थे. ‘वैलेंटाइन डे’ के अगले दिन रात करीब 11 बजे अंशुल ने पुलिस को फोन कर बताया कि अज्ञात हमलावरों ने उन्हें लूटने की कोशिश की और उनकी पत्नी का गला रेत दिया. पुलिस को अंशुल के बयान में कई खामियां नजर आईं. वह अपना बयान बार-बार बदलते रहे. सख्त पूछताछ में अंशुल आखिरकार टूट गए और उन्होंने कबूल कर लिया कि उन्होंने खुद अपनी पत्नी की हत्या की है.
झज्जर पुलिस के मुताबिक, अंशुल को काफी समय से अपनी पत्नी महक के चरित्र पर शक था, जिसकी वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे. इसी संदेह ने अंशुल को पत्नी की हत्या करने पर मजबूर कर दिया. हत्या के दौरान अंशुल ने सर्जिकल ग्लव्स पहने हुए थे, ताकि उंगलियों के निशान न छूटें. उन्होंने पहले महक को गला घोंटकर बेहोश किया और फिर कैंची से गला रेत दिया.
बहादुरगढ़ में बैंक खातों में करोड़ों के लेन-देन का हिसाब-किताब संभालने वाला CA अंशुल धवन पत्नी महक कथूरिया की हत्या के बाद बार-बार अपना बयान बदल रहा था. घटनास्थल पर मिले सर्जिकल ग्लव्स ने पुलिस का शक और बढ़ा दिया. जब सख्ती से पूछताछ की गई तो अंशुल ने कत्ल की पूरी कहानी बयां कर दी. अंशुल ने पहले पुलिस को बताया कि लुटेरों ने उसकी गाड़ी को ओवरटेक कर रुकवाया फिर लूटपाट के बाद पत्नी महक की हत्या कर दी. इसके बाद उसने बयान दिया कि लुटेरे महक को अगवा कर ले गए, फिर हत्या कर रजबहे में शव फेंक दिया. इसके बाद पुलिस ने अंशुल को हिरासत में ले लिया.
सर्जिकल ग्लव्स की जरूरत क्यों पड़ी?
सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची महक की बहन श्रुति ने अंशुल पर प्लानिंग के तहत हत्या का आरोप लगाया. श्रुति ने कहा कि इस रास्ते से वह कभी गुरुग्राम नहीं जाते थे. अंशुल को महक की हत्या करनी थी. इसीलिए कल रात उसने यह रास्ता चुना. श्रुति ने कहा कि एक CA को सर्जिकल ग्लव्स की जरूरत क्यों पड़ी? उसने गाड़ी में कैंची क्यों रखी थी? श्रुति ने सवाल उठाते हुए कहा कि वारदात के बाद अंशुल ने सबसे पहले अपनी बहन और जीजा को फोन क्यों किया? यह सारे सबूत उसका गुनाह साबित करने के लिए पर्याप्त हैं.
2 महीने की गर्भवती थी महक
श्रुति ने कहा कि शादी के दो महीने बाद ही महक गर्भवती हो गई थी. अभी कुछ दिन पहले ही उसने यह खुशखबरी साझा की थी. घर में नन्हे मेहमान के आगमन की तैयारी चल रही थी. उसके पति अंशुल ने यह भी नहीं सोचा कि महक उसी के बच्चे की मां बनने वाली है. वहीं महक के पिता कृष्ण कुमार ने कहा कि रविवार को दोनों सिर्फ 10 मिनट के लिए घर आए थे. हमने रुकने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं रुका. भाई अक्षय ने बताया कि बीती रात बहन घर से हंसते-मुस्कुराते निकली थी. उसे क्या पता था यह उसका आखिरी सफर बन जाएगा.
SHO सुरेश कुमार ने दी जानकारी
बता दें कि वारदात रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे बादली स्थित पाहसौर गांव के पास हुई. हत्या के बाद आरोपी पति अंशुल ने शव रजबहे में फेंक दिया और लूट व हत्या की झूठी कहानी रची. बादली थाने के SHO सुरेश कुमार ने बताया कि हांसी निवासी महक कथूरिया अपने पति अंशुल धवन के साथ रविवार रात हिसार से बहादुरगढ़ के लिए निकली थीं. रास्ते में पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ. मामला इतना बढ़ गया कि अंशुल ने पहले महक को कार में पीटा, फिर बाहर निकलकर दो बार गले में कैंची घोंपकर उसे मौत के घाट उतार दिया.
आरोपी अंशुल ने वारदात को लूट दिखाने के लिए महक के पहने गहने उतारकर घटनास्थल के पास रजबहे में फेंक दिए. फिर हाईवे से गुजर रहे कार चालकों से मदद मांगी. फिलहाल महक के भाई अक्षय की शिकायत पर आरोपी पति अंशुल धवन के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी कर लिया है. मौके पर सबूत जुटाने के लिए FSL टीम की मदद ली गई है.








