राजधानी रायपुर में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है, जहां डीपीएस स्कूल के पास धान से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बगल से गुजर रही कार पर पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक और कार दोनों बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे। तभी ट्रक का पट्टा, यानी लॉकिंग सिस्टम, अचानक टूट गया। इसके बाद ट्रक सीधे कार के ऊपर जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला गया। एक व्यक्ति को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों में एक की पहचान बलौदाबाजार निवासी राजकुमार शर्मा के रूप में हुई है। वहीं घायलों के नाम पद्मा और प्रवीण बताए गए हैं, जिनमें पद्मा भी बलौदाबाजार की रहने वाली थीं।









