Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: माओवादियों और सुरक्षाबलों की मुठभेड़ में एक जवान शहीद, ऑपरेशन जारी

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र की त्रि-राज्य सीमा पर स्थित कनघुर्रा जंगल में बुधवार तड़के सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस गोलीबारी में मध्य प्रदेश हॉक फोर्स के सब इंस्पेक्टर आशीष शर्मा वीरगति को प्राप्त हो गए। वे बालाघाट जिले के किनी चौकी प्रभारी थे।

आईजी बालाघाट अभिषेक शांडिल्य ने उनकी शहादत की पुष्टि की है। घायल अवस्था में SI आशीष शर्मा को सुबह करीब 8 बजे डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

खुफिया इनपुट के आधार पर महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ (MMC) जोन में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात से तीनों राज्यों की स्पेशल फोर्स ने कनघुर्रा के घने जंगल में जॉइंट सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था।

बुधवार सुबह अंधेरे में जैसे ही सुरक्षा बल माओवादियों के ठिकाने के करीब पहुंचे, घिरे हुए माओवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मध्य प्रदेश हॉक फोर्स के बहादुर अधिकारी SI आशीष शर्मा गोली लगने से शहीद हो गए।

इस समय मौके पर छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के IG और SP स्तर के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया गया है और बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन जारी है। सूत्र बता रहे हैं कि जंगल में अभी भी 15-20 माओवादी फंसे हुए हैं और बड़ी कार्रवाई होने की संभावना है।

राजनांदगांव रेंज IG ने बताया, “खुफिया जानकारी के आधार पर तीनों राज्यों की फोर्स ने संयुक्त अभियान चलाया था। माओवादी पूरी तरह घिर चुके थे, तभी उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। हमारे जांबाज़ अधिकारी ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। ऑपरेशन अभी जारी है।”

फिलहाल इलाके में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है और हेलीकॉप्टर से भी निगरानी की जा रही है। शहीद SI आशीष शर्मा के पार्थिव शरीर को सम्मान के साथ बालाघाट ले जाया जा रहा है।

Related Posts

रायपुर ब्रेकिंग: देवेंद्र इलाके के इलेक्ट्रानिक गोदाम में भीषण आग, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, VIDEO

रायपुर: रायपुर के देवेंद्र इलाके में स्थित एक इलेक्ट्रानिक फैक्ट्री में अचानक आग…

1 of 245