रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ आगामी घरेलू सत्र के लिए अपनी प्रथम श्रेणी टीम को मजबूत बनाने में जुट गया है। इसी कड़ी में देश के कई अनुभवी खिलाड़ियों को टीम से जोड़ने की तैयारी चल रही है। इनमें बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल, अनुभवी ऑफ स्पिनर जयंत यादव और लेफ्ट आर्म स्पिनर धर्मेंद्रसिंह जडेजा के नाम प्रमुख हैं। वहीं, पूर्व भारतीय बल्लेबाज अमेय खुरासिया को टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, तेज गेंदबाज यश दयाल ने 2026-27 घरेलू क्रिकेट सत्र से उत्तर प्रदेश की बजाय छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का फैसला किया है। इसके लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) की प्रक्रिया जारी है और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन से जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
सूत्रों के मुताबिक, यश दयाल पिछले कुछ समय से निजी कारणों और विवादों के चलते प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर थे। अब नई शुरुआत के उद्देश्य से उन्होंने टीम बदलने का निर्णय लिया है। हाल ही में उन्होंने कर्नाटक के आलूर में आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के प्री-सीजन ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लेकर अभ्यास भी शुरू कर दिया है।
प्री-सीजन कैंप में यश दयाल के साथ अनुभवी ऑफ स्पिनर जयंत यादव और सौराष्ट्र के ऑलराउंडर धर्मेंद्रसिंह जडेजा भी नजर आए। वहीं, टीम के प्रदर्शन को नई दिशा देने के लिए पूर्व भारतीय बल्लेबाज अमेय खुरासिया को मुख्य कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। खुरासिया ने पिछले रणजी सत्र में केरल को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
यश दयाल का घरेलू क्रिकेट रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 27 प्रथम श्रेणी मैचों में 84 विकेट, 23 लिस्ट-ए मुकाबलों में 36 विकेट और 71 टी-20 मैचों में 66 विकेट हासिल किए हैं। सितंबर 2024 में उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में भी चुना गया था, हालांकि उन्हें पदार्पण का अवसर नहीं मिल सका।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ को उम्मीद है कि इन अनुभवी खिलाड़ियों के जुड़ने से रणजी ट्रॉफी में टीम और अधिक प्रतिस्पर्धी बनेगी। हालांकि, क्रिकेट जगत में यह चर्चा भी है कि बाहरी खिलाड़ियों के आने से प्रदेश के स्थानीय खिलाड़ियों के अवसर प्रभावित हो सकते हैं। दूसरी ओर, कई विशेषज्ञों का मानना है कि अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से स्थानीय प्रतिभाओं को सीखने और बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।










