चेन्नई एयरपोर्ट पर मंगलवार (11 अगस्त) देर रात एक इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. बताया जा रहा है कि कोलकाता से आ रही फ्लाइट का बीती देर रात को इंजन फेल हो गया था. जिसकी वजह से इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला लिया गया. इस फ्लाइट में कुल चालक दल समेत कुल 224 लोग सवार थे.
जानकारी के मुताबिक कोलकाता से आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट के लैंडिंग से ठीक पहले बाएं इंजन में खराबी आ गई थी. इसके चलते इमरजेंसी लैंडिंग हुई. इसके चलते चेन्नई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई. इस घटना से हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए.
फ्लाइट के इंजन में आई खराबी
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E-723, जिसमें 224 लोग सवार थे. यह फ्लाइट कोलकाता से चेन्नई आ रही थी. फ्लाइट ने 11 अगस्त की रात 11:29 बजे इमरजेंसी लैंडिंग की. इस फ्लाइट को रात 11:30 बजे पहुंचना था, लेकिन लैंडिंग की तैयारी के दौरान ही पायलट को पता चला कि फ्लाइट बायां इंजन खराब हो गया है.
एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने कराई सुरक्षित लैंडिंग
इसके बाद पायलट ने बिना देर किए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC ) को इसकी जानकारी दी. इसके बाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग के लिए इमरजेंसी उपाय शुरू कि. विमान रात 11:37 बजे रनवे 25 पर सुरक्षित उतरा, जिसमें सवार सभी 224 लोग सुरक्षित थे और किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है.
फुल इमरजेंसी वापस ले ली गई
फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग के करीब 10 मिनट बाद 11:47 बजे फुल इमरजेंसी वापस ले ली गई. एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक घटना के बाद चेन्नई एयरपोर्ट का सामान्य संचालन प्रभावित नहीं हुआ और सभी फ्लाइट ऑपरेशन सामान्य रूप से जारी रहे. फिलहाल अधिकारियों ने इंजन में आई खराबी के कारणों की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
एअर इंडिया की फ्लाइट में टर्बुलेंस
इससे पहले बीते 4 अगस्त को थाइलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में टर्बुलेंस आया था. इस घटना में चालक दल समेत 17 लोग घायल हो गए थे.घटना ओडिशा के झारसुगुड़ा के पास हुई, जब एयरबस A320 करीब 36,220 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। हालांकि, बाद में फ्लाइट की दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग हुई. फिलहाल इस घटना की जांच की जा रही है.










