दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से स्क्रैप चोरी के मामले में अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) जांच करेगी। विधायक रिकेश सेन की शिकायत और मामले की केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की लगातार मांग के बाद गृह मंत्रालय की ओर से राजपत्र जारी किया गया है। इसके साथ ही मामले की जांच CBI को सौंपे जाने का रास्ता साफ हो गया है। यह मामला पुरानी भिलाई थाने में दर्ज है।
26 मई को ए.के. ट्रेडर्स में हुई थी कार्रवाई
मामले में 26 मई को दुर्ग पुलिस ने हथखोज के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ए.के. ट्रेडर्स नामक फैक्ट्री में छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 3 करोड़ 20 लाख रुपये कीमत के वाहन और लगभग 90 लाख रुपये मूल्य का 250 टन स्क्रैप बरामद किया था।
अब तक 19 आरोपी गिरफ्तार
स्क्रैप चोरी मामले में दुर्ग पुलिस अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें संजय सिंह समेत पांच आरोपियों को जमानत मिल चुकी है, जबकि तीन कारोबारियों ने अग्रिम जमानत हासिल की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक रिकेश सेन लंबे समय से इसकी जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग कर रहे थे। अब गृह मंत्रालय द्वारा राजपत्र जारी किए जाने के बाद मामले की जांच CBI द्वारा किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। CBI जांच के बाद मामले में सामने आए तथ्यों, आरोपों और कथित स्क्रैप चोरी से जुड़े नेटवर्क की आगे जांच की जाएगी।










