दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की है। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा चौक के पास एक सफेद बोलेरो मैक्स कैरिज वैन की तलाशी में करीब 4 करोड़ रुपये मिले हैं। नकदी वाहन के पिछले हिस्से में बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने वाहन में सवार दो व्यक्तियों को पूछताछ के लिए रोका है। मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दी गई है।
रायपुर से नागपुर जा रहा था वाहन
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर को संदिग्ध वाहन में भारी मात्रा में नकदी ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने डबरापारा चौक के पास चेकिंग पॉइंट लगाकर सफेद बोलेरो मैक्स पिकअप (CG 04 QU 5996) को रात करीब 11 बजे रोका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन रायपुर के भनपुरी से नकदी लेकर नागपुर की ओर जा रहा था।
गुप्त चेंबर खोलने पर मिला कैश
वाहन की जांच के दौरान पुलिस को उसके पिछले हिस्से में विशेष बदलाव नजर आया। संदेह होने पर वाहन की सघन तलाशी ली गई। इसके बाद वाहन को भट्टी थाना ले जाकर गुप्त चेंबर को खुलवाया गया। चेंबर के अंदर से करीब 4 करोड़ रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई।
दो व्यक्तियों से पूछताछ, दस्तावेज नहीं मिले
वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान चालक भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से बरामद रकम के स्रोत, वास्तविक स्वामित्व और परिवहन के उद्देश्य को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, अब तक रकम से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया है।
क्या हवाला से जुड़ा है मामला?
मामले को लेकर हवाला नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ शुरुआती दौर में है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
आयकर विभाग को दी गई सूचना
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने चेकिंग पॉइंट लगाया था। संदिग्ध कैरिज वैन की तलाशी के दौरान उसके पिछले हिस्से में बने चेंबर से करीब 4 करोड़ रुपये मिले। उन्होंने बताया कि नकदी के संबंध में आयकर विभाग को सूचित किया गया है।
फिलहाल पुलिस बरामद रकम के स्रोत और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नकदी किसकी है और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।










