Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर में बवाल: मैग्नेटो मॉल केस में बजरंग दल का उग्र प्रदर्शन, थाने के सामने किया हवन-पूजन

रायपुर। राजधानी रायपुर के मैग्नेटो मॉल में हुई तोड़फोड़ के मामले ने अब सियासी और सामाजिक तूल पकड़ लिया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं और सार्वजनिक रूप से गिरफ्तारी देने का ऐलान कर दिया है।

दरअसल, 24 दिसंबर को मैग्नेटो मॉल में हुई तोड़फोड़ की घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज की थी। इस मामले में पुलिस ने अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग के शामिल होने की भी बात सामने आई है।

गिरफ्तारी के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहले मोतीबाग में एकत्र हुए और फिर जुलूस की शक्ल में सिविल लाइन थाना पहुंचने की तैयारी करने लगे। हालात को देखते हुए सिविल लाइन थाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और ASP, CSP समेत अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।

हालांकि बाद में स्पष्ट हुआ कि इस मामले की एफआईआर तेलीबांधा थाना में दर्ज है। इसके बाद सिविल लाइन थाना से अतिरिक्त बल हटाकर तेलीबांधा थाना भेजा गया।

इसके बाद बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता तेलीबांधा थाना पहुंचे, जहां उन्होंने थाने का घेराव कर सड़क पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हवन-पूजन भी किया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारे लगाए।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि गिरफ्तार किए गए 7 कार्यकर्ताओं को जल्द रिहा नहीं किया गया, तो हजारों कार्यकर्ता सामूहिक गिरफ्तारी देंगे। साथ ही उन्होंने यह भी ऐलान किया कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में वे अनिश्चितकाल तक थाना परिसर के बाहर धरने पर बैठे रहेंगे।

फिलहाल पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और मामले में आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार की जाएगी।


Related Posts

संवेदनशील नेतृत्व की मिसाल: मुख्यमंत्री साय ने दिव्यांग चंदूलाल की सुनी पुकार, मिनटों में मिला समाधान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संवेदनशील और जनहितकारी शासन की एक भावुक झलक आज…

1 of 246