नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को बड़ी राहत देते हुए टैरिफ दरों में कटौती का ऐलान किया है। भारत पर लगाए गए टैरिफ को 25 फीसदी से घटाकर सीधे 18 फीसदी कर दिया गया है। यह फैसला राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई फोन कॉल के बाद लिया गया। नई टैरिफ दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि आने वाले समय में टैरिफ को और कम किया जाएगा और लक्ष्य इसे शून्य पर लाने का है। उन्होंने इसे भारत-अमेरिका संबंधों के लिए एक बड़ा कदम बताया। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ’ पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए लिखा कि पीएम मोदी उनके सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं और एक शक्तिशाली व सम्मानित नेता हैं।
ट्रंप ने बताया कि बातचीत के दौरान व्यापार के अलावा रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही 500 बिलियन डॉलर से अधिक की अमेरिकी खरीद को लेकर भी सहमति बनी।
भारत अब रूस से नहीं खरीदेगा तेल: ट्रंप
राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। भारत अमेरिका और वेनेजुएला से तेल खरीदेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अमेरिका से बड़ी मात्रा में विभिन्न उत्पाद खरीदेगा, जिससे दोनों देशों के व्यापारिक रिश्ते और मजबूत होंगे।
पहले 50% टैरिफ का था बोझ
गौरतलब है कि पिछले साल अमेरिका ने भारत पर कुल 50 फीसदी टैरिफ लगाया था। इसमें 25 फीसदी रेसिप्रोकल टैरिफ और 25 फीसदी पेनल्टी शामिल थी। यह पेनल्टी रूस से तेल खरीदने के कारण लगाई गई थी। इन भारी टैरिफों का असर भारत के कपड़ा उद्योग, रत्न एवं आभूषण, ऑटो पार्ट्स और इंजीनियरिंग उत्पादों पर पड़ा था।
कृषि और दालों पर भी राहत के संकेत
नए समझौते के तहत भारत ने अमेरिकी उत्पादों के आयात को बढ़ाने और रूसी तेल की खरीद कम करने पर सहमति जताई है। वहीं भारत ने भी अमेरिकी दालों और कृषि उत्पादों पर लगाए गए अपने हालिया टैरिफ वापस लेने के संकेत दिए हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि भारत-अमेरिका संबंध भविष्य में और मजबूत होंगे और प्रधानमंत्री मोदी व वे ऐसे नेता हैं जो “काम पूरा करते हैं।”








