सरगुजा। शिक्षा व्यवस्था की एक बार फिर शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। लखनपुर ब्लॉक के शासकीय प्राथमिक शाला जामझोर में दो शिक्षक अपनी ड्यूटी छोड़कर नदारद रहने के कारण बच्चों को पढ़ाने का काम स्कूल के स्वीपर के कंधों पर आ गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्वीपर बच्चों को पढ़ा रहे हैं, जबकि शिक्षक अनुपस्थित हैं। जानकारी के अनुसार, ये शिक्षक अक्सर चना लेने या अन्य बहानों से स्कूल नहीं आते हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने संज्ञान लिया है और कहा कि जांच कर जिम्मेदार शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल के प्रधानपाठक गिरजा शंकर सिंह ने कहा कि वे बच्चों के लिए चना लेने संकुल केंद्र कटिंदा गए थे। हालांकि, सवाल यह है कि जब स्कूल में दो शिक्षक तैनात हैं, तो दोनों नदारद क्यों रहे और बच्चों की पढ़ाई पर यह असर क्यों पड़ा। अब यह देखना होगा कि इस मामले में शिक्षा विभाग कितनी जल्दी और सख्ती से कार्रवाई करता है।










