महासमुंद। जिले में बीती रात नेशनल हाईवे 53 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा छुईपाली टोल प्लाजा के पास हुआ, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर है।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो व्यक्ति तेज रफ्तार से जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में गौरटेक निवासी परमानन्द भोई (60 वर्ष) और उपेश नाग (34 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पूरा मामला बसना थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक्टर सड़क पर क्यों खड़ा था और ट्रक चालक की भूमिका क्या रही, इसकी जांच की जा रही है।










