Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS- सावधान! चुगली करने वालों पर लगेगा 5 हजार का जुर्माना, मेढ़की गांव का बड़ा फैसला

बालोद। जिले के ग्राम मेढ़की में ग्रामीणों ने आपसी वैमनस्य और चुगली की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाया है। गुरुवार सुबह 8 बजे आयोजित सामूहिक बैठक में गांववासियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि चुगली कर लोगों को भड़काने वालों पर अब 5 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा।

चुगलखोरी पर सख्ती

बैठक में तय किया गया कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक या व्यक्तिगत रूप से एक व्यक्ति की बात दूसरे तक पहुंचाकर विवाद की स्थिति पैदा करता है, तो उस पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य गांव में भाईचारा बनाए रखना और आपसी झगड़ों को खत्म करना है।

शराब पीकर भोज में पहुंचने पर भी जुर्माना

ग्रामीणों ने यह भी निर्णय लिया कि सामाजिक या धार्मिक भोज में यदि कोई व्यक्ति शराब का सेवन कर पहुंचता है, तो उस पर भी 5 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

पांच साल पहले भी लिया था बड़ा निर्णय

गौरतलब है कि करीब पांच वर्ष पहले भी गांव में नशे के बढ़ते प्रचलन को देखते हुए सामूहिक बैठक कर अहम फैसले लिए गए थे। उस समय तय किया गया था कि गांव में शराब बेचने वालों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।

इसके साथ ही शराब बेचने की सूचना देने वाले व्यक्ति को 1 हजार रुपये का प्रोत्साहन राशि देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया था। ग्रामीणों का दावा है कि इस फैसले के बाद गांव का माहौल काफी शांत हुआ है। ग्रामीणों का मानना है कि आर्थिक दंड के प्रावधान से गांव में अनुशासन कायम रहेगा और सामाजिक सौहार्द मजबूत होगा।

Related Posts

1 of 184