रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित कर्मा चौक के संगीता पेट्रोल पंप में लापरवाही के चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पेट्रोल भरवाने के दौरान बाइक की टंकी के पास आग भड़क गई, जिसे पंप कर्मचारियों की सूझबूझ से तुरंत बुझा लिया गया।
लाइटर जलाने से भड़की आग
जानकारी के मुताबिक, पेट्रोल भरते समय बाइक पर पीछे बैठे युवक ने लाइटर से सिगरेट जलाने की कोशिश की। पंप कर्मियों द्वारा मना किए जाने के बावजूद उसने जलता हुआ लाइटर बाइक की टंकी के पास ले जाकर आग लगा दी। इससे टंकी और पेट्रोल मशीन के नोजल में अचानक आग भड़क उठी। स्थिति गंभीर हो सकती थी, लेकिन पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
दो आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों धर्मेन्द्र सिंह क्षत्रिय और ईमरान कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल और लाइटर जब्त किया गया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।










