अंबिकापुर। 12वीं बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन सरगुजा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। परीक्षा देने जा रहे दो छात्रों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना बतौली थाना क्षेत्र की है, जहां बतौली शांतिपारा के बीच यह हादसा हुआ।
20 मीटर तक घिसटती रही बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलकोटा निवासी निष्क एक्का अपने साथी झेराडीह निवासी अनिकेश तिवारी के साथ मोटरसाइकिल से परीक्षा केंद्र जा रहे थे। दोनों 12वीं बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर देने निकले थे। रास्ते में अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर गिर पड़ा। तेज रफ्तार के कारण बाइक करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसा इतना भीषण था कि निष्क एक्का ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, अनिकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल छात्र अंबिकापुर रेफर
स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल छात्र को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद बेलकोटा और झेराडीह गांव में शोक की लहर है। परीक्षा देने निकले छात्र की असमय मौत से परिवार और स्कूल समुदाय गहरे सदमे में हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।









