रायपुर। चैत्र नवरात्रि का पर्व 19 मार्च से शुरू होने जा रहा है। हर साल नवरात्रि के दौरान हजारों श्रद्धालु मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने इस बार विशेष व्यवस्था करते हुए कई एक्सप्रेस ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की घोषणा की है।
रेलवे के अनुसार, इस बार नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ स्टेशन पर 10 अतिरिक्त एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव दिया जाएगा। सामान्य दिनों में भी लंबी दूरी की दर्जन से अधिक ट्रेनें यहां रुकती हैं, लेकिन नवरात्रि को ध्यान में रखते हुए अब कुल ठहराव 20 से अधिक हो जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी।
रेलवे ने दुर्ग से डोंगरगढ़ के बीच चलने वाली दो स्पेशल ट्रेनों का विस्तार रायपुर तक कर दिया है। इसके चलते रायपुर और आसपास के यात्रियों को सुबह से लेकर रात तक नियमित अंतराल में ट्रेन की सुविधा मिलेगी। यात्रियों को दोनों दिशाओं से करीब 2 से 3 घंटे के अंतराल में ट्रेन उपलब्ध होगी।
डोंगरगढ़ स्टेशन पर इन एक्सप्रेस ट्रेनों का होगा ठहराव
- बिलासपुर–भगत की कोठी एक्सप्रेस
- भगत की कोठी–बिलासपुर एक्सप्रेस
- बिलासपुर–बीकानेर एक्सप्रेस
- बीकानेर–बिलासपुर एक्सप्रेस
- बिलासपुर–चेन्नई एक्सप्रेस
- चेन्नई–बिलासपुर एक्सप्रेस
- बिलासपुर–पुणे एक्सप्रेस
- पुणे–बिलासपुर एक्सप्रेस
- रायपुर–सिकंदराबाद एक्सप्रेस
- सिकंदराबाद–रायपुर एक्सप्रेस
इन मेमू और स्पेशल ट्रेनों में भी किया गया बदलाव
- 68742/68741 गोंदिया–दुर्ग–गोंदिया मेमू पैसेंजर ट्रेन को रायपुर तक विस्तारित किया गया है।
- 68729/68730 रायपुर–डोंगरगढ़–रायपुर मेमू पैसेंजर को गोंदिया तक बढ़ाया गया है।
- 06886/06885 डोंगरगढ़–दुर्ग–डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।
रेलवे की इस व्यवस्था से नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी और यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम हो सकेगी।









