सूरजपुर जिले के देवीपुर स्थित अंबेडकरपारा शासकीय माध्यमिक विद्यालय में छात्रों से मिड-डे मील के बर्तन गंदे नाले के पानी में धोवाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने प्रधान पाठक मारिया गोरेती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
दो सहायक शिक्षकों प्रेमलता पांडे और जीतेश्वरी की वेतन वृद्धि पर रोक लगाई गई। दो संकुल प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इस प्रकार कुल पांच शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई। वीडियो में दिख रहा है कि छोटे बच्चों को बड़े-बड़े बर्तन नाले के गंदे पानी में धोने के लिए भेजा जा रहा था, जिससे उनकी सेहत और सुरक्षा खतरे में पड़ गई। शिक्षा विभाग ने कहा कि बच्चों के अधिकार और सुरक्षा से समझौता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।









