Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG Board Paper Leak: 12वीं हिंदी का पेपर लीक होने का दावा, NSUI ने घेराव का किया ऐलान

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा विवादों के घेरे में आ गई है। शनिवार, 14 मार्च को हुई हिंदी विषय की परीक्षा का प्रश्नपत्र कथित तौर पर परीक्षा से एक रात पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। छात्र संगठन NSUI ने इस मामले में पुख्ता सबूतों के साथ पेपर लीक होने का दावा किया है।

कैसे हुआ खुलासा?

जानकारी के मुताबिक, 14 मार्च को आयोजित परीक्षा से ठीक पहले, 13 मार्च की रात करीब 2:41 बजे ‘जीनियस एकेडमी ऑनलाइन’ नामक एक व्हाट्सएप चैनल पर हाथ से लिखे हुए दो पन्नों के प्रश्नपत्र साझा किए गए। एक महिला यूजर द्वारा 15 सवाल पोस्ट किए गए और साथ में संदेश लिखा गया— “इसे भी देख लेना।” अगले दिन जब परीक्षा संपन्न हुई, तो मिलान करने पर पाया गया कि हिंदी के बी-सेट (B-Set) के सभी सवाल और वायरल हुए पर्चे के सवाल हुबहू एक समान थे।

छात्रों के भविष्य पर संकट: NSUI का आक्रामक रुख

NSUI नेता पुनेश्वर लहरे ने इस घटना को माध्यमिक शिक्षा मंडल की बड़ी लापरवाही करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

इस मामले को लेकर प्रदेश भर के छात्रों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। विरोध जताने के लिए NSUI ने सोमवार (16 मार्च) को माध्यमिक शिक्षा मंडल कार्यालय के घेराव का ऐलान किया है। संगठन का कहना है कि जब तक इस गंभीर चूक पर जवाबदेही तय नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।


Related Posts

1 of 221