Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

धमतरी में कस्टम मिलिंग पर सख्ती: रिषभ राइस प्रोसेसिंग के खिलाफ केस दर्ज, बड़ी गड़बड़ी उजागर

धमतरी, : कलेक्टर अविनाश मिश्रा के निर्देश पर जिले में कस्टम मिलिंग के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में खाद्य विभाग की टीम ने विकासखंड धमतरी स्थित रिषभ राइस प्रोसेसिंग, श्यामतराई का औचक निरीक्षण किया, जिसमें बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आईं।

जांच में पाया गया कि फर्म संचालक विनय पारख ने खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए 64 हजार क्विंटल धान का अनुबंध किया था। इसके तहत 38,631.68 क्विंटल धान का उठाव किया गया, लेकिन इसके अनुपात में जमा किया जाने वाला चावल पूरा नहीं किया गया। करीब 5,262.67 क्विंटल चावल जमा करना शेष पाया गया।

वहीं वर्ष 2025-26 के लिए भी फर्म को 96,080 क्विंटल धान उठाव की अनुमति दी गई थी, जिसमें से अब तक 17,628.09 क्विंटल धान उठाया गया है, लेकिन बड़ी मात्रा में चावल जमा नहीं किया गया।

जांच में बड़ा खुलासा:
भौतिक सत्यापन के दौरान 257.33 क्विंटल चावल अधिक पाया गया। साथ ही 250 क्विंटल चावल अन्य राइस मिल प्रिशा इंटरप्राइजेस, कुकरेल के बारदाने में मिला। संचालक द्वारा जरूरी दस्तावेज (B-1) प्रस्तुत नहीं किया गया और मासिक विवरणी भी नियमित रूप से जमा नहीं की जा रही थी।

इन सभी अनियमितताओं को देखते हुए फर्म के खिलाफ छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग आदेश 2016 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कस्टम मिलिंग कार्य में लापरवाही और नियमों के उल्लंघन पर जिले के राइस मिलरों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Related Posts

1 of 228