महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद में गुरुवार को कांग्रेस कार्यालय में पार्टी की गुटबाजी का मामला खुलकर सामने आया। जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व जिला कोषाध्यक्ष निर्मल जैन और वर्तमान जिला उपाध्यक्ष व पार्षद विजय साव के बीच जमकर मारपीट और तोड़फोड़ हुई।
घटना के दौरान कार्यालय में कुर्सियों और कांच के बर्तनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। निर्मल जैन पर अश्लील गाली-गलौच और मारपीट के आरोप में धारा 296,115(2) BNS के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं विजय साव पर अश्लील गाली, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और कार्यालय की कुर्सी-टेबल तोड़ने के आरोप में धारा 296,115(2), 351(3), 324(2) BNS के तहत FIR दर्ज की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रेसवार्ता महंगाई को लेकर आयोजित की गई थी। हालांकि, प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेसियों की उपस्थिति कम रही, और इसी बात को लेकर पूर्व कोषाध्यक्ष और उपाध्यक्ष के बीच विवाद ने मारपीट और तोड़फोड़ का रूप ले लिया।
घटना के तुरंत बाद जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी को पूरी जानकारी दी जाएगी और नियमानुसार दोषी पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।










