भिलाई (जामुल)। छत्तीसगढ़ के भिलाई से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहाँ बोर्ड परीक्षा शुरू होने के चंद दिनों पहले एक होनहार छात्रा ने मौत को गले लगा लिया। जामुल थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड इलाके में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा नारायणी साहू ने सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एडमिट कार्ड लेकर लौटी थी घर, रात को बहनों के साथ की पढ़ाई
जानकारी के मुताबिक, नारायणी साहू आत्मानंद विद्यालय हाउसिंग बोर्ड में कक्षा 10वीं की छात्रा थी। आगामी 21 फरवरी से उसकी बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली थीं। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे वह स्कूल से अपना प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) लेकर घर लौटी थी। परिजनों के अनुसार, घर आने के बाद सब कुछ सामान्य था। उसने रात में अपनी बहनों के साथ बैठकर देर तक पढ़ाई भी की, जिसके बाद सभी सोने चले गए।
सुबह फंदे पर लटका मिला शव
मंगलवार सुबह करीब 5 बजे जब परिवार के सदस्य सोकर उठे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। नारायणी का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। जामुल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परीक्षा का तनाव या कुछ और? पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के मुताबिक, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, घटना के समय और परिस्थितियों को देखते हुए प्राथमिक रूप से यह आशंका जताई जा रही है कि छात्रा परीक्षा को लेकर मानसिक तनाव (Exam Stress) में रही होगी।









