बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड स्थित रहंगी खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जिले में कुल 263 करोड़ 16 लाख 81 हजार रुपये की लागत से तैयार 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
इनमें 15 करोड़ 98 लाख 53 हजार रुपये की लागत से बने 7 कार्यों का लोकार्पण तथा 247 करोड़ 18 लाख 28 हजार रुपये की लागत के 82 कार्यों का शिलान्यास शामिल है।
कृषक उन्नति योजना के तहत 10,324 करोड़ रुपये ट्रांसफर
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के 24.28 लाख किसानों के खातों में 10,324.84 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि अंतरित की। बिलासपुर जिले के 1 लाख 25 हजार 352 किसानों के खातों में 494.38 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए। इस अवसर पर आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी रही।
स्वास्थ्य, सिंचाई और पुल निर्माण को मिली मजबूती
मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया, जिनमें प्रमुख हैं-
- रतनपुर-कोटा-लोरमी मार्ग के चांपा नाला पर 3.51 करोड़ रुपये की लागत से बना पुल
- तखतपुर में 2.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
- मस्तूरी के लुथरा में 75 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन
इन परियोजनाओं से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं, सिंचाई और आवागमन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सड़कों और संपर्क मार्गों का विस्तार
लोक निर्माण विभाग द्वारा सीपत-बलौदा-कोरबा मार्ग, हथनी-नवागांव-गोड़ी-उड़गन मार्ग, मोपका-खैरा-गतौरा-जयरामनगर मार्ग, नेवसा-गढ़वट मार्ग और सोनसरी-मुकुंदपुर मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों का निर्माण और मजबूतीकरण किया गया।
साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और पीएम जनमन योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों का लोकार्पण किया गया, जिससे दूरस्थ गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
उच्चस्तरीय पुलों से बेहतर कनेक्टिविटी
सेतु निर्माण संभाग के अंतर्गत मनियारी, घोंघा, खारून, अरपा और शिवनाथ नदियों पर उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण किया गया है। बरसात के दौरान आवागमन में होने वाली परेशानी अब कम होगी और दूर-दराज के गांव मुख्य मार्गों से जुड़ेंगे।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को नई सौगात
आदिवासी विकास विभाग के तहत कोटा विकासखंड में आदिवासी बालक आश्रम और छात्रावास भवनों का लोकार्पण किया गया।
इसके अलावा-
- तखतपुर में 9 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नवीन मातृ-शिशु अस्पताल
- बिलासपुर में 13.93 करोड़ रुपये की लागत से फिजियोथेरेपी महाविद्यालय
- शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण
इन परियोजनाओं से स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं में विस्तार होगा।
नगरीय अधोसंरचना का विकास
बिल्हा नगर पंचायत क्षेत्र में सियान सदन, सामुदायिक भवन, सीसी रोड, नाली निर्माण, हाईमास्ट लाइट, बस स्टैंड, रोड चौड़ीकरण और फुटपाथ निर्माण जैसे कार्यों का लोकार्पण किया गया।
विकास को नई रफ्तार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान और युवाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आज किए गए लोकार्पण और भूमिपूजन से बिलासपुर जिले में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास को नई गति मिलेगी।








