रायपुर। पेंड्रा मझगवां मेन रोड पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक तेज रफ़्तार कार ने बस का इंतज़ार कर रहे लोगों ने कुचल दिया। इस हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार लगभग 10 फुट उछलकर सड़क पर पलट गई।
जानकारी के मुताबिक, पेंड्रा मझगवां मुख्य मार्ग पर कुछ लोग बस का इंतज़ार करते बैठे थे। इसी दौरान एक तेज रफ़्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।इस हादसे में अंडी गांव निवासी अधेड़ छक्के लाल चौधरी (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ज्योति गुप्ता और उसकी 9 वर्षीय बेटी गौरी गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस हादसे में घायल हुए दो लोगों को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया। बच्ची गौरी की आंख में गंभीर चोट को देखते हुए उसे बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया है। ज्योति गुप्ता अपनी बेटी के साथ मायके अनुपपुर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी, वहीं मृतक छक्के लाल चौधरी अपनी बेटी को लेने आए थे।
बताया जा रहा है कि कार चालक नशे में था। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल ने बताया कि एक दुकान को ठोकर मारने के बाद कार चालक ने बस का इंतजार कर रहे तीन लोगों को रौंद दिया। पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में ले लिया है। कार चालक पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।








