Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

छत्तीसगढ़ी परंपरा की झलक: बैलगाड़ी में बारात पहुंचे विधायक रोहित साहू, ग्रामीण संस्कृति को दिया बढ़ावा

राजिम। छत्तीसगढ़ की माटी की महक और ग्रामीण संस्कृति की अनोखी झलक उस समय देखने को मिली, जब राजिम विधानसभा के विधायक रोहित साहू ग्राम रावंड़ निवासी अपने साढ़ू भाई हृदय राम साहू के बेटे डोमन साहू की बारात में पारंपरिक बैलगाड़ी पर सवार होकर शामिल होने पहुंचे। विधायक का यह सादगी भरा अंदाज पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।

ग्राम रावंड़ से परसदा जोशी तक बैलगाड़ी से निकली इस बारात ने न केवल बारातियों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को भी जीवंत कर दिया। बारात प्रस्थान के समय विधायक रोहित साहू ने आधुनिक साधनों की बजाय पुरानी परंपरा का सम्मान करते हुए बैलगाड़ी की सवारी चुनी। पूरे रास्ते छत्तीसगढ़ी पारंपरिक गीतों और बाजों की गूंज के बीच यह यात्रा उत्सव में बदल गई।

“इस यात्रा ने मुझे अपनी जड़ों की याद दिलाई”
विधायक रोहित साहू ने इस अवसर पर कहा कि बैलगाड़ी की इस यात्रा ने उन्हें अपनी जड़ों और पूर्वजों की याद दिला दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की असली पहचान उसकी सादगी, संस्कृति और परंपराओं में बसती है। आधुनिक दौर में लोग अपनी मूल पहचान को भूलते जा रहे हैं, लेकिन जब तक हम अपनी माटी से जुड़े रहेंगे, तब तक हमारा अस्तित्व सुरक्षित रहेगा। उन्होंने दूल्हे डोमन और पूरे परिवार को शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से अपनी संस्कृति पर गर्व करने का संदेश भी दिया।

दूल्हे ने जताया आभार
दूल्हे डोमन साहू ने कहा कि उनके लिए यह सौभाग्य की बात है कि विधायक रोहित साहू ने इस विवाह को यादगार बना दिया। उन्होंने कहा कि विधायक के साथ बैलगाड़ी में बैठकर बारात जाना उनके जीवन का अनमोल पल रहेगा। पद और प्रतिष्ठा से ऊपर उठकर जिस तरह उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों का सम्मान किया, वह सभी के लिए प्रेरणादायक है।

ग्रामीणों ने जगह-जगह किया स्वागत
ग्राम रावंड़ से परसदा जोशी तक ग्रामीणों ने जगह-जगह इस बारात का स्वागत किया। लोगों का कहना था कि पहली बार किसी जनप्रतिनिधि को इस तरह लोक संस्कृति को बढ़ावा देते हुए देखा गया है। बारात में छत्तीसगढ़ी बाजा, मोहरी और पारंपरिक गीतों की गूंज ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।

इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस अनूठे विवाह समारोह में भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, नगर पंचायत राजिम अध्यक्ष महेश यादव, जनपद पंचायत प्रतिनिधि नेहरू साहू, पूर्व अध्यक्ष किसान मोर्चा मनीष हरित, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल सिन्हा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सतीश यादव, पार्षद आकाश राजपूत, बलराम निषाद, भारत यादव, सुरेश पटेल, ईश्वर साहू, ओमप्रकाश, राकेश साहू, दीपक साहू, द्वारिका साहू, युगलकिशोर, खिलेश्वर साहू, प्रीतम साहू, मनोज यादव, तुकेश साहू, हिरा साहू, डिगेश साहू, पन्ना साहू, बेदराम निषाद, किशोर साहू सहित वर पक्ष के सभी परिजन मौजूद रहे।

Related Posts

1 of 219