सरगुजा। छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थल टाइगर प्वाइंट में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास बनी झोपड़ीनुमा एक दर्जन से अधिक दुकानें उसकी चपेट में आ गईं और कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
रात में लगी आग, टली जनहानि
घटना के समय अधिकांश दुकानें बंद थीं, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, छोटे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पर्यटन स्थल पर अस्थायी दुकानें
टाइगर प्वाइंट मैनपाट का प्रमुख आकर्षण केंद्र है, जहां रोज बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचते हैं। पर्यटकों की सुविधा के लिए स्थानीय ग्रामीण अस्थायी झोपड़ियां बनाकर पैकेट फूड, चाय-नाश्ता, भुट्टा, पकौड़ी और अन्य खाद्य सामग्री की दुकानें संचालित करते हैं।
नुकसान का आकलन जारी
आगजनी की इस घटना से प्रभावित दुकानदारों में मायूसी छा गई है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।









