छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्राथमिक शाला जावाखाड़ी में एक शिक्षक ने दूसरी कक्षा के 7 वर्षीय छात्र को गिनती में गलती करने पर इतनी जोर से थप्पड़ मारे कि उसकी आंख में खून उतर आया और चेहरा सूज गया। बच्चा घर पहुंचा तो रोते हुए उसने परिजनों को पूरी बात बताई।
परिजनों ने आरोपी शिक्षक उदय यादव पर नशे की हालत में स्कूल आने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना वाले दिन भी टीचर शराब के नशे में थे। यह मामला त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
जानकारी के मुताबिक, पलगी ग्राम पंचायत में स्थित प्राथमिक शाला जावाखाड़ी में पहली से पांचवीं तक करीब 30–35 बच्चे पढ़ते हैं। शुक्रवार को लंच के बाद दूसरी कक्षा में मैथ्स की क्लास ले रहे टीचर उदय यादव ने छात्र भागीरथी से गिनती सुनाने को कहा।
गिनती में मामूली गलती होते ही टीचर भड़क उठे और बच्चे के दोनों गालों पर एक के बाद एक कई थप्पड़ मार दिए। डर की वजह से बच्चा सिर झुकाने लगा तो भी शिक्षक का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने पिटाई जारी रखी। इस दौरान बच्चे की आंख में खून उतर आया और चेहरा बुरी तरह सूज गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने बच्चे को लेकर तुरंत त्रिकुंडा थाना पहुंचकर FIR दर्ज कराई। बच्चे के पिता धनंजय यादव ने आरोप लगाया कि टीचर अक्सर नशे में स्कूल आते हैं और बच्चों के साथ मारपीट करते हैं।
त्रिकुंडा थाना प्रभारी जवाहर तिर्की ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि घटना के समय शिक्षक वास्तव में नशे में थे या नहीं। विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कुशवाहा ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और जांच की जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने भी कहा कि दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने कहा कि छोटे बच्चों के साथ इस तरह की हिंसा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकती। लोगों ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर कड़ी सजा देने की मांग की है।










