बिलासपुर : मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब तीन दिन से लापता एक युवती की लाश उसके प्रेमी के घर पर फांसी के फंदे से लटकी मिली। मृतका की पहचान मल्लिका कुर्रे के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। परिजनों ने प्रेमी और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाते हुए मल्हार चौकी का घेराव कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मल्हार निवासी मल्लिका कुर्रे मंगलवार को मेला देखने के बहाने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। कुछ समय बाद धनगंवा निवासी उसके प्रेमी राजू लहरिया ने मल्लिका के परिजनों को फोन कर बताया कि वह उसके घर आ गई है।
परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच पिछले 3 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार को जब युवती प्रेमी के घर पहुँची, तो राजू के परिवार वालों ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया और उसे वापस भेजने की कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुँची थी, लेकिन युवती राजू के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही।
रोशनदान से लटका मिला शव
शुक्रवार सुबह राजू के घर के एक कमरे में मल्लिका का शव रोशनदान से लटका पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मल्हार पुलिस और युवती के परिजन मौके पर पहुँचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया, लेकिन परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।
परिजनों का हंगामा और घेराव
युवती के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया है। उनका सीधा आरोप है कि राजू और उसके परिवार ने मिलकर मल्लिका की हत्या की है। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया और शव वाहन को लेकर चौकी के सामने डटे रहे। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि जब तक प्रेमी और उसके परिवार की गिरफ्तारी नहीं होती, वे पीछे नहीं हटेंगे। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।








