Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

बिलासपुर में प्रशासनिक फेरबदल: डिप्टी कलेक्टर समेत 16 अधिकारियों के प्रभार बदले, मस्तूरी में नए एसडीएम की नियुक्ति

बिलासपुर। जिले में प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बड़े स्तर पर अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश में संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर सहित कुल 16 अधिकारियों के प्रभार बदले गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल में 14 तहसीलदार और नायब तहसीलदार भी शामिल हैं।

कलेक्टर ने निर्देश दिया है कि सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपना नया पदभार ग्रहण करें, ताकि आम नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और लंबित मामलों का जल्द निपटारा हो सके।

मस्तूरी में नए एसडीएम

मस्तूरी एसडीएम के रूप में कार्यरत प्रवेश पैकरा को संयुक्त कलेक्टर बनाकर जिला कार्यालय बिलासपुर में पदस्थ किया गया है। वहीं जिला कार्यालय में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर शिव कुमार कंवर को मस्तूरी का नया एसडीएम बनाया गया है। उन्हें नजूल शाखा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

तहसीलदारों के प्रभार में बदलाव

तहसीलदार स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं। गरिमा ठाकुर को सीपत, सोनू अग्रवाल को रतनपुर और संदीप कुमार साय को मस्तूरी तहसीलदार की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं शिल्पा भगत को बोदरी का तहसीलदार बनाया गया है।

नायब तहसीलदारों की नई पदस्थापना

नायब तहसीलदारों में ओम प्रकाश चंद्रवंशी को गनियारी, समर्थ थवाईत को बेलतरा और राहुल साहू को बेलगहना भेजा गया है।

नजूल और प्रोटोकॉल शाखा में बदलाव

प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए जयंती देवांगन को नजूल शाखा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पंकज सिंह को सहायक प्रोटोकॉल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शिव कुमार कंवर के मस्तूरी जाने और नजूल शाखा संभालने से अभिषेक दीवान अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो गए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में लंबित मामलों के समाधान की उम्मीद

14 तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के फेरबदल का असर सीधे ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। गनियारी और तखतपुर जैसे संवेदनशील इलाकों में नए अधिकारियों की नियुक्ति से सीमांकन विवाद और राजस्व मामलों के समाधान में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। किसानों से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण के लिए इस तबादला आदेश को अहम कदम माना जा रहा है।

Related Posts

1 of 215