बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शहर के सबसे व्यस्त मार्ग गार्डन चौक में अटल परिसर के सामने एक शराबी द्वारा बीच सड़क पर बैठकर खुलेआम शराब पीने का मामला सामने आया है। इस शर्मनाक हरकत के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ, लेकिन मौके पर न पुलिस नजर आई और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी।
यह घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है। किसी राहगीर द्वारा बनाए गए वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया, जिसके बाद शहरवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि शराबियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि वे सिविल लाइन क्षेत्र के प्रवेश द्वार पर ही कानून की धज्जियां उड़ाने से नहीं डर रहे, जो प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां से थाना महज 150 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके अलावा न्यायालय लगभग 200 मीटर दूर है और कलेक्ट्रेट सहित अन्य शासकीय कार्यालयों का रास्ता भी यहीं से होकर गुजरता है। इसके बावजूद दिनदहाड़े इस तरह की घटना होना पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
मामले को लेकर शहर के नागरिकों में जबरदस्त नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब इतने संवेदनशील और प्रशासनिक इलाके में शराबी बेखौफ होकर सड़क पर बैठकर शराब पी सकते हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावे आखिर कितने भरोसेमंद हैं।
अब शहरवासियों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि वह वायरल वीडियो पर केवल औपचारिक कार्रवाई करता है या वास्तव में दोषियों पर सख्त कदम उठाकर कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में ठोस पहल करता है।










