रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश के किसानों को धान विक्रय में बड़ी राहत दी गई है। राज्य सरकार ने धान खरीदी की प्रक्रिया में विशेष छूट देते हुए तीन श्रेणियों के किसानों को अतिरिक्त दो दिन, यानी 5 एवं 6 फरवरी तक धान बेचने की अनुमति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, वे किसान जिन्होंने 10 जनवरी के बाद आवेदन किया था और सत्यापन के बाद जिनके पास धान पाया गया, वे इस अतिरिक्त अवधि में धान विक्रय कर सकेंगे। इसके अलावा, 28, 29 एवं 30 जनवरी को टोकन प्राप्त करने के बावजूद किसी कारणवश धान नहीं बेच पाने वाले किसान भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए शासन द्वारा बारदाना एवं हमालों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। सरकार का यह निर्णय किसानों की उपज के सुरक्षित और सुचारु विक्रय के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
किसानों के हितों के प्रति संवेदनशील सरकार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक भी किसान का धान बिना बिके न रहे, इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अतिरिक्त दिनों में धान खरीदी की प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और सुचारू रूप से पूरी की जाए।
जिलों की रिपोर्ट के बाद लिया गया फैसला
गौरतलब है कि धान खरीदी की अवधि समाप्त होने के बाद कई जिलों से शिकायतें सामने आई थीं कि टोकन होने के बावजूद कुछ किसानों का धान नहीं खरीदा गया। इसके बाद राज्य सरकार ने जिला स्तर पर ऐसे किसानों की पहचान कर रिपोर्ट मंगाई। रिपोर्ट की समीक्षा के उपरांत यह निर्णय लिया गया कि 28, 29 और 30 जनवरी के टोकनधारी किसानों, जो धान विक्रय से वंचित रह गए थे, उन्हें अतिरिक्त अवसर दिया जाएगा।










