प्रदेश के प्रमुख शहर बिलासपुर में हवाई सेवाओं को लेकर एक बार फिर निराशा का माहौल है। Alliance Air द्वारा जारी किए गए नए समर शेड्यूल में शहर के लिए किसी नई फ्लाइट की घोषणा नहीं की गई है। इतना ही नहीं, प्रयागराज के लिए संचालित उड़ानों की संख्या भी घटा दी गई है।
नए शेड्यूल के मुताबिक अब बिलासपुर से Prayagraj के लिए सप्ताह में केवल एक ही फ्लाइट उपलब्ध होगी, जबकि पहले यह सेवा सप्ताह में चार दिन संचालित होती थी। अचानक हुई इस कटौती से नियमित यात्रियों, व्यापारियों और विद्यार्थियों में असंतोष बढ़ गया है।
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि प्रयागराज के लिए पहले से ही सीमित उड़ानें थीं। ऐसे में संख्या कम होने से यात्रा और अधिक कठिन हो जाएगी। कई लोगों ने इसे बिलासपुर की उपेक्षा करार दिया है।
सबसे अधिक निराशा इस बात को लेकर जताई जा रही है कि लंबे समय से की जा रही रात्रिकालीन फ्लाइट की मांग पर भी कोई निर्णय नहीं लिया गया। शहरवासी रात की उड़ान की सुविधा चाहते हैं ताकि व्यावसायिक, शैक्षणिक और आपातकालीन यात्राओं में आसानी हो सके, लेकिन नए शेड्यूल में इस दिशा में कोई बदलाव नहीं किया गया।
हवाई सेवाओं के विस्तार को लेकर सक्रिय हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने भी इस फैसले पर नाराजगी जताई है। समिति का कहना है कि प्रशासनिक, शैक्षणिक और औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर होने के बावजूद बिलासपुर को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।









