बिलासपुर स्थित Atal Bihari Vajpayee Vishwavidyalaya में आर्थिक अनियमितता के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। तत्कालीन कुलसचिव एवं वर्तमान उप कुलसचिव शैलेंद्र दुबे को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन का आदेश उच्च शिक्षा विभाग, मंत्रालय द्वारा जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय में क्रय-विक्रय प्रक्रिया में गड़बड़ी और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों के बाद जांच कराई गई थी। इसके लिए एक जांच कमेटी गठित की गई थी। जांच रिपोर्ट में सामग्री खरीदी में गंभीर आर्थिक अनियमितताएं सामने आई हैं। विशेष रूप से GeM (Government e-Marketplace) पोर्टल के माध्यम से की गई खरीदी में नियमों के उल्लंघन और प्रक्रिया में गड़बड़ी की पुष्टि हुई है।

जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर उच्च शिक्षा विभाग ने यह कार्रवाई की है। आदेश में उल्लेख है कि निलंबन अवधि के दौरान शैलेंद्र दुबे को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही इस पूरे प्रकरण में अलग से विभागीय जांच भी की जाएगी। यदि जांच में दोष सिद्ध होता है तो आगे की कठोर कार्रवाई तय की जाएगी।
उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। इस कार्रवाई के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप की स्थिति है और पूरे मामले को लेकर चर्चा का दौर जारी है।









