Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: रफ्तार का जुनून बना काल, स्टंट करते समय पान ठेले से टकराई बाइक; 9वीं के छात्र की दर्दनाक मौत

बिलासपुर: न्यायधानी में रविवार की सुबह रफ्तार और स्टंटबाजी ने एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। सकरी रोड पर दोस्तों के साथ बाइक रेसिंग कर रहे एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से दौड़ रही बाइक अनियंत्रित होकर एक पान ठेले को तोड़ते हुए खेत में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

100+ की स्पीड और जानलेवा स्टंट

सकरी पुलिस के अनुसार, राजकिशोर नगर निवासी प्रेम सिंह (16 वर्ष) रविवार सुबह करीब 7:30 बजे अपने दो दोस्तों के साथ अलग-अलग बाइकों पर रेस लगा रहा था। चश्मदीदों के मुताबिक, रामा लाइफ सिटी के पास प्रेम सिंह यामाहा R15 बाइक पर खतरनाक स्टंट कर रहा था। तभी तेज रफ्तार बाइक पर से उसका नियंत्रण खो गया और वह सड़क किनारे स्थित एक पान ठेले को चीरते हुए पास के खेत में जा गिरा।

रफ्तार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बाइक का पिछला पहिया टूटकर दूर जा गिरा। हादसे के बाद साथ में रेस लगा रहे दोस्त मौके से फरार हो गए।

इकलौता बेटा था प्रेम, दोस्त से मांगकर लाया था बाइक

मृतक प्रेम सिंह ब्रिलियेंट पब्लिक स्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें हैं। जांच में पता चला कि प्रेम सुबह 7 बजे अपने दोस्त श्रेयांश के घर गया और महज 10 मिनट के लिए बाइक मांगी थी। दोस्त के मना करने के बावजूद वह जिद करके बाइक ले गया, जो उसकी आखिरी सवारी साबित हुई। प्रेम के पिता बाहर रहकर ठेकेदारी का काम करते हैं।

एसएसपी की अपील: “स्टंटबाजी में न लुटाएं अपनी जान”

बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने इस घटना पर दुख जताते हुए युवाओं और अभिभावकों से अपील की है। उन्होंने कहा:

“युवा देश और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। पिछले दो दिनों में रफ ड्राइविंग और नशे के कारण तीन कीमती जानें जा चुकी हैं। कृपया स्टंटबाजी, रफ ड्राइविंग और नशे की हालत में वाहन चलाकर अपने और अपने परिवार के सपनों को बर्बाद न करें।”

पुलिस की कार्रवाई

सकरी टीआई विजय चौधरी ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस उन दोस्तों की भी तलाश कर रही है जो हादसे के समय प्रेम के साथ रेसिंग कर रहे थे।

Related Posts

कोंडागांव के कोकोड़ी में मक्का प्लांट के खिलाफ उग्र प्रदर्शन, जमकर तोड़फोड़, 12 घंटे से धरने पर ग्रामीण

कोंडागांव। जिले के ग्राम कोकोड़ी स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्रोसेसिंग प्लांट के…

होली से पहले राजनांदगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार; पिस्टल-कट्टे समेत हथियार बरामद

राजनांदगांव। होली पर्व के पूर्व अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नकेल कसते हुए…

1 of 175