रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी ने बलौदाबाजार क्षेत्र की वरिष्ठ नेत्री लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा के मुख्यालय प्रभारी महासचिव अरुण सिंह ने छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के प्रत्याशियों के नामों का भी ऐलान किया। अलग-अलग राज्यों से घोषित उम्मीदवारों में बिहार, असम, हरियाणा, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के नाम शामिल हैं।
लक्ष्मी वर्मा भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। वे रायपुर जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष और पार्टी की पूर्व प्रवक्ता भी रही हैं। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और ओबीसी वर्ग से प्रतिनिधित्व को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने लक्ष्मी वर्मा को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।












