रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। शहर के व्यस्त बैरन बाजार इलाके में सोमवार सुबह दिनदहाड़े चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैरन बाजार निवासी इनायत पर आदिल रज़ा उर्फ हरा सोनू नामक युवक ने जानलेवा हमला किया। बताया जा रहा है कि आरोपी आदिल पहले से ही इनायत से रंजिश रखता था। इसी रंजिश के चलते उसने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। घटना सुबह के समय हुई, जब लोग अपने-अपने काम में व्यस्त थे।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो इस हमले की गंभीरता को साफ तौर पर दर्शाता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी आदिल, इनायत को उसके घर से बाहर बुलाता है। जैसे ही इनायत बाहर आता है, आरोपी अचानक चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार करने लगता है। अचानक हुए हमले से इनायत संभल नहीं पाता और गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ता है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो जाता है। घायल अवस्था में इनायत को तत्काल मेकाहारा (डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय) के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, इनायत को चाकू के कई गंभीर घाव आए हैं, हालांकि फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल में घायल के परिजनों और परिचितों की भीड़ जुटी हुई है।
इस सनसनीखेज घटना के बाद बैरन बाजार और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी से आम लोगों में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इस तरह खुलेआम हमला होना बेहद चिंताजनक है। मामले को लेकर रायपुर मध्य जोन के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी संभावित लोकेशन पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








