कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक ने अपनी प्रेमिका की जान लेने की कोशिश की और फिर खुद का गला काटकर आत्महत्या कर ली। यह पूरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के संडेल गांव के पास एक नहर किनारे हुई। फिलहाल युवती अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, युवक शुभम नायडू (28 वर्ष) और युवती निशा उर्फ प्रतीक्षा (22 वर्ष) दोनों बिलासपुर के रहने वाले थे। मंगलवार रात लगभग 9 बजे युवती अपने घर से लापता हुई थी, जिसके बाद परिजनों ने बिलासपुर के कोतवाली थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
देर रात दोनों कोरबा के उरगा क्षेत्र पहुंचे। वहां युवक ने किसी बात पर विवाद के बाद धारदार हथियार से निशा का गला रेत दिया। उसे मृत समझकर शुभम ने उसी हथियार से अपना भी गला काट लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घायल युवती की सूझबूझ: चैटिंग से भेजी लोकेशन
गला काटे जाने के बाद भी निशा की सांसें चल रही थीं। उसने अत्यंत गंभीर हालत में अपने फोन का इस्तेमाल किया और बिलासपुर में मौजूद परिजनों को व्हाट्सएप चैटिंग के जरिए घटना की जानकारी दी। निशा ने अपना लाइव लोकेशन शेयर करते हुए लिखा— “मेरी जान बचा लो”। परिजनों ने तुरंत यह लोकेशन बिलासपुर पुलिस को दी, जिसने बिना देरी किए कोरबा पुलिस से संपर्क साधा। लोकेशन के आधार पर जब उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां का नजारा खौफनाक था।
पुलिस की कार्रवाई और युवती का बयान
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शुभम का शव लहूलुहान पड़ा था, जबकि निशा तड़प रही थी। निशा बोलने की स्थिति में नहीं थी, लेकिन उसने इशारों में पुलिस को बताया कि शुभम उसे यहां लेकर आया था। पहले उसने निशा पर हमला किया और फिर खुद को खत्म कर लिया। पुलिस ने तत्काल युवती को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
शादीशुदा था युवक, पत्नी से चल रहा था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक शुभम नायडू (निवासी सरकंडा, बिलासपुर) शादीशुदा था और एक बच्चे का पिता भी था। उसका अपनी पत्नी से लंबे समय से अनबन चल रहा था। शुरुआती जांच में मामला त्रिकोणीय प्रेम संबंध और आपसी विवाद का लग रहा है।
एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया: “देर रात कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक युवती खून से लथपथ नहर के पास पड़ी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक का शव बरामद किया और युवती को अस्पताल पहुंचाया। एफएसएल (FSL) की टीम साक्ष्य जुटा रही है। युवक सरकंडा का निवासी था और युवती कश्यप कॉलोनी की। प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है, जांच जारी है।”






