बीजापुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) के विस्फोट में एक 15 वर्षीय ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सोमवार सुबह की है, जब घायल युवक जंगल क्षेत्र में गया हुआ था।
घायल ग्रामीण की पहचान राम पोटाम (पिता स्व. लच्छु पोटाम, उम्र 15 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम कोरचोली नदीपारा का निवासी है। थाना गंगालूर क्षेत्रांतर्गत आने वाले लेंड्रा-कोरचोली जंगल क्षेत्र में सुबह के समय राम पोटाम गया था। इसी दौरान माओवादियों द्वारा पहले से प्लांट किए गए प्रेशर IED की चपेट में आने से उसके पैर में गंभीर चोटें आईं।घायल राम पोटाम को तत्काल 222 बटालियन के केरिपु कैम्प कोरचोली में प्राथमिक उपचार दिया गया। स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बीजापुर रेफर कर दिया गया है।
सुरक्षा बलों ने घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही IED निष्क्रियकरण की कार्रवाई भी तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों की इस कायराना हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जंगल एवं दुर्गम क्षेत्रों में आने-जाने के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या सामग्री की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा कैम्प को दें। इससे न केवल अपनी जान बचाई जा सकती है, बल्कि सुरक्षा बलों को भी सहायता मिलेगी।बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा IED प्लांट करने की घटनाएं आम हैं, जो अक्सर सुरक्षा बलों के साथ-साथ निर्दोष ग्रामीणों को भी निशाना बनाती हैं। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों की गंभीरता को उजागर किया है।








