अंबिकापुर। शहर के सत्तीपारा कैलाश मोड़ के पास रविवार रात एक व्यवसायी पर जानलेवा हमला किया गया और लगभग 20 लाख रुपये लूट लिए गए। जानकारी के अनुसार, रानी सती मंदिर कॉलोनी निवासी व्यवसायी अनिल अग्रवाल, जो राम मंदिर रोड में मोबाइल थोक व्यापार और हिंदुस्तान लीवर की फ्रेंचाइजी भी संचालित करते हैं, दुकान बंद करके स्कूटी से घर लौट रहे थे।
घटना के समय अंधेरे में एक युवक ने बांस के डंडे से उनके सिर पर जोरदार हमला किया, जिससे अनिल अग्रवाल स्कूटी समेत जमीन पर गिर पड़े। हमले से पहले आरोपी ने रुपयों से भरा बैग उठाकर गली के रास्ते फरार हो गया। घायल व्यवसायी को तुरंत अंबिकापुर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के पीछे पूर्व योजना का शक
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह हमला पूर्व नियोजित लग रहा है। बताया जा रहा है कि अनिल अग्रवाल आमतौर पर रात 9:30 से 10 बजे के बीच दुकान बंद करके घर जाते थे। थोक व्यापार होने के कारण उनके पास रोजाना बड़ी रकम रहती थी, जिसका फायदा उठाकर अपराधी ने वारदात को अंजाम दिया।
शहर में व्यापारी वर्ग में डर का माहौल
घटना के तुरंत बाद बड़े पैमाने पर शहर के व्यापारी अस्पताल पहुंचे और व्यवसायी की स्थिति की जानकारी ली। इस हमले ने अंबिकापुर में बढ़ती असामाजिक और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ व्यापारी वर्ग को चिंतित कर दिया है।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, और आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि संदिग्धों को पकड़कर जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










