Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर में बैडमिंटन खेलते समय कारोबारी की मौत, रूह कंपा देने वाला वीडियो वायरल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने सबको स्तब्ध कर दिया है। शहर के एक प्रतिष्ठित हार्डवेयर कारोबारी की बैडमिंटन खेलते समय अचानक हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। मौत का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग अपनी सेहत और बढ़ते ‘साइलेंट हार्ट अटैक’ के मामलों को लेकर डरे हुए हैं।

शॉट खेला, शटल उठाने झुके और फिर नहीं उठे

यह हृदय विदारक घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के अश्विनी नगर स्थित सोनकर बाड़ी ग्राउंड में हुई। ईदगाह भाठा निवासी अमृत बजाज (57) सोमवार सुबह अपने दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेल रहे थे।

वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि अमृत बजाज पूरी ऊर्जा के साथ खेल रहे थे। उन्होंने एक शॉट मारा और जैसे ही शटल (चिड़िया) उठाने के लिए नीचे झुके, वे अचानक अपना संतुलन खो बैठे और मुंह के बल जमीन पर गिर पड़े। साथी खिलाड़ी तुरंत उनकी ओर दौड़े और उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया।

स्वास्थ्य के प्रति सजग थे अमृत बजाज

अमृत बजाज के करीबियों और परिजनों के लिए यह विश्वास करना मुश्किल हो रहा है। परिजनों के मुताबिक वे नियमित रूप से क्रिकेट और बैडमिंटन खेलते थे। वे अपनी फिटनेस को लेकर काफी जागरूक थे। हालांकि वे डायबिटीज (शुगर) के मरीज थे, लेकिन उन्हें कभी कोई गंभीर हृदय संबंधी समस्या नहीं दिखी थी। सोमवार को उनका अंतिम संस्कार मारवाड़ी मुक्तिधाम में किया गया, जिसमें शहर के कई व्यवसायी और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

क्यों बढ़ रहे हैं ऐसे मामले? विशेषज्ञों की राय

बैडमिंटन कोर्ट पर हुई इस मौत ने एक बार फिर बहस छेड़ दी है कि क्या अत्यधिक व्यायाम या खेल भी जोखिम भरा हो सकता है? स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है, डायबिटीज के मरीजों में अक्सर हार्ट अटैक के लक्षण (सीने में दर्द आदि) महसूस नहीं होते, जिसे ‘साइलेंट इस्किमिया’ कहा जाता है।50 की उम्र के बाद बिना मेडिकल चेकअप के बहुत ज्यादा इंटेंस (तेज) फिजिकल एक्टिविटी करना जोखिम भरा हो सकता है। शुगर और बीपी के मरीजों को समय-समय पर ‘ट्रेडमिल टेस्ट’ (TMT) या ईसीजी (ECG) कराते रहना चाहिए।


Related Posts

1 of 181