कोरबा। जिले के ग्राम बरपाली में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई कर रही आबकारी टीम पर हमला होने का मामला सामने आया है। घटना में टीम के एक सदस्य को चोट आई है, जबकि उपनिरीक्षक जया मेहर की निजी वाहन स्कॉर्पियो को भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान विरोध और हमला
आबकारी उपनिरीक्षक जया मेहर अपनी टीम के साथ अवैध शराब के संबंध में कार्रवाई करने ग्राम बरपाली पहुंचीं। इस दौरान गांव की कुछ महिलाएं मौके पर जमा हो गईं और कार्रवाई का विरोध करने लगीं।
इसी बीच सरपंच के पति रामजीवन कंवर और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और आबकारी टीम से बहस करने लगे। आरोप है कि जयप्रकाश उरांव ने डंडे से आबकारी सदस्य नरेश कुमार राठौर के दाहिने हाथ की कलाई पर हमला किया, जिससे उन्हें चोटें आई। इसके बाद आरोपितों ने एसआई जया मेहर की स्कॉर्पियो वाहन के सामने के शीशे पर भी वार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
अपराध पंजीबद्ध, गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
उपनिरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर थाना श्यांग में जयप्रकाश उरांव और रामजीवन कंवर के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें शामिल हैं:
- धारा 324(3): खतरनाक हथियार से चोट पहुंचाना
- धारा 115(2): जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाना
- धारा 221: लोक सेवक के कर्तव्य में बाधा डालना
- धारा 3(5): सामूहिक अपराध
अवैध शराब के खिलाफ लगातार विरोध
कोरबा जिले में आबकारी टीम की कार्रवाई पर ग्रामीणों द्वारा विरोध की यह कोई पहली घटना नहीं है। दो महीने पहले उरगा थाना क्षेत्र में टीम पर हमला हुआ था, जिसमें टीम प्रभारी को करीब ढाई घंटे तक बंधक बनाया गया और वाहन में तोड़फोड़ की गई थी। आबकारी विभाग ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और आगे कार्रवाई के लिए सख्त कदम उठाने की चेतावनी दी है।









