बिलासपुर: जिले के कोटा नगर पंचायत में सर्पदंश से एक 3 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और भय का माहौल है।
खेलते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद पुष्पा कोमल पालके का 3 वर्षीय पुत्र हिमांशु पालके गुरुवार को घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान वह बंदर को भगाने के लिए पास में रखे लकड़ियों के ढेर पर चढ़ गया, जहां छिपे सांप ने उसे डस लिया।
सर्पदंश के बाद बच्चा रोते हुए घर पहुंचा और परिजनों से कहा कि उसका पैर टूट गया है। जब परिजनों ने देखा तो उसके पैर से खून निकल रहा था, जिसके बाद वे घबरा गए। परिजन तत्काल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
जागरूकता और सफाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ रिहायशी इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है।लोगों ने प्रशासन से साफ-सफाई बढ़ाने और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।









