Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: डीसीबी बैंक में 29 लाख की धोखाधड़ी, शाखा प्रबंधक गिरफ्तार

गोबरा नवापारा। थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रा स्थित डीसीबी बैंक शाखा में सामने आए बैंक धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी तत्कालीन शाखा प्रबंधक उत्कर्ष वर्मा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में उन्हें पूरे घोटाले का मुख्य मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, उत्कर्ष वर्मा और उनके सहयोगियों ने मिलकर एक खाते से लगभग 29 लाख रुपये की हेराफेरी की। शिकायतकर्ता राकेश कंसारी ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय किशुन कंसारी ने जमीन बेचकर लगभग 2 करोड़ रुपये बैंक में सुरक्षित निवेश के उद्देश्य से जमा कराए थे।

बाद में खाते का सत्यापन करने पर पता चला कि रकम संदिग्ध तरीके से निकाल ली गई थी। जब बैंक से जानकारी मांगी गई तो स्पष्ट जवाब नहीं मिला, जिसके बाद राकेश कंसारी ने गोबरा नवापारा थाने में एफआईआर दर्ज कराई।

पुलिस जांच में पता चला कि उत्कर्ष वर्मा ने कूटरचित दस्तावेज, फर्जी चेक और हस्ताक्षरों का सहारा लेकर रकम निकाली। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया सुनियोजित तरीके से की गई थी और बैंक के अंदरूनी तंत्र का भी दुरुपयोग हुआ।

पुलिस का कहना है कि इस आर्थिक अपराध में बैंक के अन्य कर्मचारियों या बाहरी व्यक्तियों की भी भूमिका हो सकती है और मामले की गहन जांच जारी है।

Related Posts

1 of 201