फरसगांव: छत्तीसगढ़ के फरसगांव में वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। केशकाल वनमण्डलाधिकारी दिव्या गौतम के मार्गदर्शन में राज्य स्तरीय उड़नदस्ता और वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम बैलगांव के पास तेंदुए की खाल की तस्करी कर रहे 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों में संहगो नेताम, शंकर नेताम, जंगा कर्मा, प्रदीप कुमार वेकू, बामन मण्डावी, सोनू कोर्राम और संतोष कुमार कवासी शामिल हैं। सभी के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। फरार अन्य मुख्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सूरजपुर हाथी मौत मामला: 15 मार्च को सूरजपुर जिले में नर दंतैल हाथी की करंट लगने से हुई मौत के मामले में वन विभाग ने आरोपी रामलाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा। जांच में पता चला कि रामलाल ने अपने खेतों की सुरक्षा के नाम पर अवैध बिजली प्रवाहित की थी, जिससे हाथी की मौत हुई।
इस घटना में विभागीय लापरवाही पाई जाने पर संबंधित बीट गार्ड को निलंबित कर दिया गया है। रेंजर और वनपाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वन विभाग ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।









