सक्ति। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के चंद्रपुर स्थित शासकीय शशिभूषण सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां शिक्षक बच्चों को पढ़ाने के बजाय स्कूल की टेबल पेंट करते नजर आए। इतना ही नहीं, इस दौरान स्कूल के प्राचार्य नागेंद्र पटेल शिक्षकों का काम करते हुए वीडियो बनाते दिखाई दिए।
पढ़ाई छोड़ रंग-रोगन में लगे शिक्षक
प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। सरकारी स्कूल में शैक्षणिक कार्य के समय शिक्षकों का रंग-रोगन में लगना इस बात की ओर इशारा करता है कि पढ़ाई को प्राथमिकता नहीं मिल रही है।
शौचालय व्यवस्था भी अधूरी
मामला तब और गंभीर हो जाता है जब स्कूल में बालकों के लिए शौचालय की समुचित व्यवस्था तक उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आती है। मजबूरन छात्रों को शौच के लिए स्कूल परिसर से बाहर जाना पड़ता है, जो सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों दृष्टि से चिंताजनक है।
कलेक्टर ने बताया ‘जनभागीदारी’
मामले में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने इसे जनभागीदारी बताया है। उनका कहना है कि मजदूर उपलब्ध नहीं होने के कारण शिक्षकों ने मिलकर टेबल पेंट किया। साथ ही उन्होंने कहा कि इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, इसलिए कार्रवाई का सवाल नहीं उठता।








