Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS- शिक्षा का अपमान या सिस्टम की नाकामी? नियुक्ति के लिए जलते अंगारों पर चले अभ्यर्थी

छत्तीसगढ़ में डीएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का आमरण अनशन आज 58वें दिन में प्रवेश कर गया। सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के 2300 रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर चल रहा यह आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। लंबे समय से शांतिपूर्ण धरना, ज्ञापन और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात के बावजूद जब कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया, तो अभ्यर्थियों ने कल प्रतीकात्मक रूप से अंगारों पर चलकर विरोध प्रदर्शन किया।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि शासन-प्रशासन के अलग-अलग विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। शिक्षा विभाग वित्त विभाग का हवाला देता है, वित्त विभाग शिक्षा विभाग पर प्रस्ताव लंबित होने की बात कहता है, और मुख्यमंत्री स्तर पर वित्तीय कमी का कारण बताया जा रहा है। इस असमंजस और टालमटोल से हजारों प्रशिक्षित युवाओं में निराशा और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं।

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब प्रदर्शन के दौरान पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच झड़प हुई। बताया जा रहा है कि चार अभ्यर्थी घायल होकर बेहोश हो गए, जिन्हें अभनपुर अस्पताल ले जाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई और बाद में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर सेंट्रल जेल भेज दिया।

अभ्यर्थियों का कहना है कि माननीय उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही, जबकि राज्य में 1600 से अधिक पद अनुसूचित जनजाति वर्ग के रिक्त हैं। उनका दावा है कि यह केवल नियुक्ति का मुद्दा नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य और युवाओं के आत्मसम्मान का सवाल है।

मुख्य मांगें:
सहायक शिक्षक भर्ती के 2300 रिक्त पदों पर पात्र डीएड अभ्यर्थियों की शीघ्र नियुक्ति
न्यायालय के आदेशों का तत्काल पालन
1600 से अधिक अनुसूचित जनजाति वर्ग के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करना
अब सवाल यही है, क्या शासन कोई ठोस पहल करेगा, या आंदोलन और उग्र रूप लेगा?

Related Posts

CG NEWS: दहेज के लिए प्रताड़ना की हदें पार: महिला को पिलाया जहर! पुलिस का ढुलमुल रवैया बना परेशानी का सबब

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भठगांव निवासी एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर…

1 of 183