ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के विनय नगर सेक्टर-3 में देर रात एक बारात में उस समय हंगामा मच गया जब DJ की तेज आवाज और शोर-शराबे से परेशान स्थानीय लोगों ने बाल्टी में पानी भरकर बारातियों पर फेंक दिया। यह पूरा घटनाक्रम वीडियो में भी कैद हुआ है, जो अब सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, देर रात बारात DJ की धुन पर मैरिज गार्डन की ओर जा रही थी। इससे पहले रास्ते में भी बारातियों ने कई बार बारात को रुकवाया, जिससे स्थानीय लोग परेशान हो गए। इलाके में रात के समय बारातों का शोर-शराबा लोगों के लिए रोजमर्रा की समस्या बन चुका है।
नींद में खलल पड़ने से नाराज़ कुछ लोगों ने ऊपर से बाल्टी भरकर पानी बारातियों पर फेंक दिया। पानी गिरते ही बारातियों में नाराज़गी बढ़ी और दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। गाली-गलौज और हंगामे की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया और किसी तरह विवाद को रोकते हुए बारात को आगे बढ़ाया।








