रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ‘बिस्मिल की महफिल’ कार्यक्रम समाप्त होने के बाद घर लौट रहे युवकों के बीच कारों की टक्कर को लेकर विवाद हो गया। मामूली दुर्घटना ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और सड़क पर जमकर हंगामा शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में युवक अलग-अलग वाहनों से लौट रहे थे। इसी दौरान दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। देखते ही देखते आसपास मौजूद अन्य युवक भी विवाद में कूद पड़े, जिससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हंगामा बढ़ता देख अतिरिक्त पुलिस बल और डीसीपी को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।
पुलिस ने सड़क पर उपद्रव कर रहे कई युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि कुछ युवक मौके से फरार हो गए। हिरासत में लिए गए युवकों को जब थाने लाया गया तो वहां भी उन्होंने हंगामा करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए हालात नियंत्रित कर लिए।
आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर फरार युवकों की पहचान की जा रही है। संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









