रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज 23 फरवरी से शुरू हो रहा है। सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही आरंभ होगी। सत्र की शुरुआत अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व सदस्य दीनदयाल सिंह पोर्ते के निधन पर शोक उल्लेख और श्रद्धांजलि के साथ होगी। इसके बाद राज्यपाल का अभिभाषण होगा और अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा।
सत्र के पहले दिन प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी वर्ष 2025-2026 का आर्थिक सर्वेक्षण सदन के पटल पर रखेंगे। साथ ही सभापति तालिका की घोषणा भी की जाएगी।
24 फरवरी को पेश होगा बजट
छत्तीसगढ़ का वार्षिक बजट 24 फरवरी को पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी दोपहर 12:30 बजे वित्तीय वर्ष 2026-2027 का आय-व्ययक सदन में प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद 25, 26 और 27 फरवरी को बजट पर सामान्य चर्चा होगी।
20 मार्च तक चलेगा सत्र
छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा का अष्टम बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च तक चलेगा। इस दौरान कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। 25, 26 और 27 फरवरी को बैठकें होंगी, इसके बाद 28 फरवरी से 8 मार्च तक सदन की कार्यवाही स्थगित रहेगी।
अवकाश का कार्यक्रम इस प्रकार है:
- 28 फरवरी – शनिवार
- 1 मार्च – रविवार
- 2 मार्च – बैठक नहीं
- 3 मार्च – होलिका दहन
- 4 मार्च – होली
- 5 और 6 मार्च – बैठक नहीं
- 7 मार्च – शनिवार
- 8 मार्च – रविवार
इन अवकाशों के बाद 9 मार्च से पुनः विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी। बजट सत्र के दौरान वित्तीय विषयों के साथ-साथ विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।








