Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

छत्तीसगढ़ में 12वीं हिंदी पेपर लीक मामला: माशिमं ने दर्ज कराई FIR, साइबर सेल कर रही जांच

रायपुर: छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में अब एफआईआर दर्ज कर ली गई है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने इस मामले में पुलिस और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराते हुए जांच शुरू करा दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और साइबर टीम पूरे प्रकरण की पड़ताल कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वास्तव में प्रश्नपत्र लीक हुआ था या नहीं।

राज्य सरकार के जनसंपर्क विभाग के आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट पर भी इस संबंध में जानकारी साझा की गई है। पोस्ट में बताया गया है कि 12वीं कक्षा के हिंदी विषय के पेपर लीक के कथित आरोपों की जांच के लिए माशिमं ने पुलिस और साइबर सेल में एफआईआर दर्ज कराई है और पूरे मामले की जांच जारी है।

इधर इस मुद्दे को लेकर छात्र संगठन एनएसयूआई ने सोमवार को माशिमं कार्यालय का घेराव किया। एनएसयूआई से जुड़े छात्र नेताओं का दावा है कि 12वीं हिंदी विषय का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही सोशल मीडिया और वाट्सऐप समूहों में वायरल हो गया था।

छात्र नेता पुनेश्वर लहरे ने आरोप लगाया कि 13 मार्च की रात सोशल मीडिया पर जो प्रश्नपत्र वायरल हुआ था, वही प्रश्नपत्र 14 मार्च को आयोजित बोर्ड परीक्षा में छात्रों को मिला। उनका कहना है कि इस घटना से परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

एनएसयूआई का कहना है कि यह मामला लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। यदि परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक हो जाए तो यह मेहनती विद्यार्थियों के साथ अन्याय होगा।

छात्र संगठन ने सरकार और माध्यमिक शिक्षा मंडल से पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि जब तक इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Related Posts

1 of 221