रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले द्विवार्षिक चुनाव को लेकर सस्पेंस खत्म हो गया है। कांग्रेस आलाकमान ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए निवर्तमान सांसद फूलो देवी नेताम को अपना उम्मीदवार बनाया है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि से ठीक पहले आए इस फैसले ने राज्य की सियासी हलचल तेज कर दी है।
पार्टी के भीतर उम्मीदवार के नाम को लेकर लंबी खींचतान और मंथन का दौर चला। चर्चा के मुख्य पैनल में उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, मौजूदा सांसद फूलो देवी नेताम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज शामिल थे।
कौन हैं फूलो देवी नेताम?
फूलो देवी नेताम छत्तीसगढ़ कांग्रेस का एक बड़ा चेहरा हैं।वर्तमान में छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष हैं।वह कांग्रेस की सर्वोच्च नीति-निर्धारक इकाई ‘कांग्रेस कार्य समिति’ (CWC) की सदस्य रह चुकी हैं। बस्तर संभाग से आने वाली एक कद्दावर आदिवासी नेता के रूप में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। साल 2020 में भी वे राज्यसभा भेजी गई थीं। उनका मौजूदा कार्यकाल 2 अप्रैल को समाप्त हो रहा है।इस बार का चुनाव बेहद दिलचस्प मोड़ पर है। भाजपा ने पहले ही लक्ष्मी वर्मा के नाम का ऐलान कर अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी थी। अब कांग्रेस द्वारा भी महिला प्रत्याशी उतारे जाने से यह स्पष्ट है कि दोनों ही दल महिला मतदाताओं और सामाजिक प्रतिनिधित्व को लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाहते।










